Saturday, 23 August 2014

तेरे नाम एक स्वीट सा पैगाम




मेरी प्रिय साथी,
              तुम्हे तो पता ही है कि तुम मेरे लिए कितनी खास हो इसलिए तो मैं तुम्हें यह पत्र भेज रही हूँ मेरी जिंदगी में तुम्हारी अहमियत बताने के लिए। तुम्हारे साथ मुझे घंटों बिताना बहुत अच्छा लगता है और तुम ही तो हो जो हर कदम पर मेरा साथ देती हो, न कभी गुस्सा होती हो और न कभी मुझसे दूर जाती हो। चाहे पूरी दुनिया मुझसे रूठ जाए पर तुम अपना सारा काम छोड़ कर हमेशा मेरा साथ देती हो। जब तुम मेरे साथ हो तो मुझे किसी और की जरूरत ही नहीं।
    तुम्हें याद है वो दिन जिस दिन हमारी पहली मुलाकात हुई थी। मुझे पता है तुम्हें ये याद नहीं होगा पर कोई बात नहीं मैं हमेशा की तरह फिर से याद दिला देती हूँ। 3 साल पहले की बात है जब हमारी पहली मुलाकात हुई थी। उसी दिन से मुझे तुमसे प्यार हो गया था और तुम ही मेरी बेस्ट फ्रेंड बन गई थी। पता है वो मेरी जिंदगी का सबसे हसीन पल था जब हम लोगों ने पहली बार इतनी देर साथ में समय बिताया था। भले हमें पता न हो कि हम जा कहाँ रहे हैं बस वहीं घूम घूम कर एक ही जगह आना। उस दिन के बाद से तुम मेरी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन गई हो।
     अब कभी कोई तुम्हें मुझसे दूर ले जाता है तब मेरी तो सांस ही रुक जाती है। बस यही चिंता रहती है कि कहीं तुम्हें कुछ हो न जाए, कहीं तुम मुझे अकेले छोड़ कर हमेशा के लिए चली न जाओ। इतने समय बाद अब तो ऐसा लगता है जैसे हम दोनों एक दूसरे के लिए ही बने हैं। जब तक तुम मेरे साथ हो न मुझे बेस्ट फ्रेंड की जरूरत है, न boyfriend की और न ही किसी के प्यार की। बस एक ही condition है कि तुम इसी तरह हमेशा मेरे साथ रहना।
    तुम्हें पता है तुम ही ने मेरी इतनी आदत बिगाड़ दी है। अब तुम्हारा साथ मुझे इतना अच्छा लगने लगा है कि अब मैं तुम्हारे बिना रह ही नहीं सकती, तुम्हारे बिना कहीं जा नहीं सकती चाहे मुझे कहीं 2 मिनट के लिए जाना हो या 2 घंटे के लिए, पास में जाना हो या कहीं दूर। मुझे हमेशा तुम्हारी जरूरत पड़ती है। तुम्हारी वजह से मुझे हमेशा मम्मी-पापा से डांट भी पड़ती है। तुम्हारा ये अपनापन ही तो है जिसके वजह से अभी तक हम लोग साथ हैं और काश हम लोग इसी तरह हमेशा साथ रहें।
    मुझे तुम्हें पत्र लिखने का सबसे बड़ा कारण है कि तुम कुछ दिन से मुझे बहुत इग्नोर करने लगी हो और अब तो तुम्हें मेरी याद भी नहीं आती। तो तुम्हें ये याद दिलाने के लिए कि मैं भी तुम्हारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा हूँ, तुम्हें ये प्यार भरा खत लिख रही हूँ और उम्मीद करती हूँ कि तुम भी मुझे इस तरह एक प्यार भरा खत लिखो। ये मेरा कोई boyfriend नहीं और न ही कोई family member, ये है मेरी साथी, मेरी स्कूटी जो मुझे हमेशा आगे बढ़ने की प्रेणना देती है और उसकी तेज ड्राइविंग मुझे याद दिलाती है कि why should only boys have all the fun?

No comments:

Post a Comment